नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय राजधानी में जारी प्रदर्शनों के बीच वकीलों को हो रही परेशानियों को लेकर उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन (एससीबीए) सहित अन्य की याचिकाओं पर मंगलवार को सुनवाई करने पर सहमति जताई।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने दलीलों पर गौर करते हुए कहा, ‘‘लोकतांत्रिक गतिविधियां सुचारू रूप से हों लेकिन उच्चतम न्यायालय के कामकाज या वकीलों, अदालत के कर्मचारियों और वादियों की आवाजाही में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए।’’
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता और एससीबीए के अध्यक्ष प्रदीप राय की दलीलों पर गौर किया। राय ने प्रदर्शनों के बीच इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध सहित विभिन्न समस्याओं का उल्लेख किया।
पीठ ने इस मामले पर मंगलवार को सुनवाई करने पर सहमति जताई। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
एससीबीए ने शनिवार को सीईसी के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जा रहे वकीलों के खिलाफ कथित ‘‘अत्यधिक बल’’ के इस्तेमाल की निंदा की थी।
एससीबीए ने साथ ही प्रधान न्यायाधीश से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह भी किया था। संगठन ने यह अपील राजधानी में प्रदर्शनों से वकीलों पर पड़ने वाले असर और न्यायिक संस्थानों के सुचारू कामकाज को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच की।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा