Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

धनशोधन मामले में ईडी ने कोलकाता में आठ ठिकानों पर छापेमारी की

कोलकाता, 12 अक्टूबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन के एक मामले की जांच के सिलसिले में सोमवार सुबह कोलकाता में आठ ठिकानों पर छापेमारी की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कोलकाता के टॉलीगंज और शरत बोस रोड के आसपास स्थित कई परिसरों में तलाशी ली गई। केंद्रीय एजेंसी ने संदिग्ध वित्तीय धोखाधड़ी और अधिक लाभ का वादा करके लोगों से करोड़ों रुपये जुटाने के मामले की जांच तेज कर दी है।

ईडी के सूत्रों के अनुसार, आरोप है कि इस धन को रियल एस्टेट विकास और अन्य कारोबारी गतिविधियों में लगाया गया।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमारे अधिकारी बैंक खातों के विवरण के जरिये किए गए वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड और उनसे संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं, ताकि धन के प्रवाह का पता लगाया जा सके और कथित अनियमितताओं में व्यक्तियों तथा कारोबारी संस्थाओं की संभावित भूमिका की जांच की जा सके।’’

उन्होंने कहा कि ईडी ने पहले की कार्रवाई के दौरान मिले सुरागों के आधार पर ये छापेमारी की।

यह कार्रवाई पिछले महीने कोलकाता और देश के अन्य हिस्सों में 17 ठिकानों पर ईडी की ओर से की गई इसी तरह की छापेमारी के बाद हुई है।

अधिकारी ने बताया कि पिछली कार्रवाई में संदिग्ध धोखाधड़ी के दायरे का पता लगाने और लेनदेन से लाभ उठाने वालों की पहचान करने के लिए धन के लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की गई थी।

भाषा मनीषा

मनीषा