Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

कोट्टायम में पिता की पीटकर हत्या करने के आरोप में बेटा गिरफ्तार

कोट्टायम (केरलम), 12 अक्टूबर (भाषा) केरलम में कोट्टायम के मणिमाला में कथित तौर पर बेटे द्वारा मारपीट किए जाने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गयी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान मणिमाला के पास चेरुवेली निवासी संतोष कुमार एम. जी. के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने रविवार रात संतोष कुमार के बेटे सचू को गिरफ्तार कर लिया।

कुमार को रविवार तड़के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद रन्नी तालुक अस्पताल ले जाया गया था और बाद में उन्हें कोट्टायम मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि परिवार ने शुरुआत में दावा किया था कि कुमार आंगन में गिर गए थे, जिससे उनके सिर में चोट लग गई थी।

हालांकि, परिवार के बयान पर संदेह होने के बाद पुलिस ने रविवार को अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया और विस्तृत जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक पड़ताल से पता चला कि कुमार की मौत सिर पर डंडे से वार किए जाने के कारण हुई थी।

प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर पुलिस ने सचू को हिरासत में ले लिया।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, कुमार पथनमथिट्टा जिले में रन्नी के पास मक्कापुझा में रहते थे और चेरुवेली में अपने परिवार से मिलने कभी-कभार ही आते थे।

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात कुमार शराब के नशे में घर पहुंचे और वहां हंगामा करने लगे, जिसके बाद उनके बेटे ने उन पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को रिमांड की प्रक्रिया के तहत सोमवार को बाद में अदालत में पेश किया जाएगा।

भाषा गोला वैभव

वैभव