फरीदाबाद (हरियाणा), 11 अक्टूबर (भाषा) फरीदाबाद पुलिस ने डकैती और चोरी की घटनाओं में शामिल अंतरराज्यीय 'गुलेल' गिरोह के सात सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से एक तमंचा, दो बड़े चाकू और दो गुलेल बरामद की। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के दौरान सात में से दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और वे चोरी तथा डकैती की वारदातों को अंजाम देने के लिए दूसरे राज्यों में जाते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे वापस अपने गृह राज्य लौट जाते थे।
आरोपियों की पहचान सतबीर, सुखलाल, प्रताप, बेताल, धन सिंह, देवधर और हरबीर के रूप में हुई है। ये सभी मध्य प्रदेश के निवासी हैं।
मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रताप की गिरफ्तारी पर 15,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है।
पुलिस ने बताया कि प्रताप के खिलाफ आठ, बेताल के खिलाफ दो और धन सिंह के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश