नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाने के लिए सोमवार को मुलाकात का समय मांगने वाले विपक्ष के दोनों नेताओं से मिलने से इनकार कर दिया है। सूत्रों ने रविवार रात यह जानकारी दी।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधान न्यायाधीश को पत्र लिखकर सोमवार शाम चार से पांच बजे के बीच मुलाकात का समय मांगा था। वे उन्हें एक ज्ञापन सौंपना चाहते थे, जिसमें 'वोट चोरी' रोकने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को रोकने और पुन: मतपत्र प्रणाली पर लौटने की मांग की गई थी।
एक सूत्र ने बताया, 'विपक्ष के नेताओं के पत्र पर प्रधान न्यायाधीश का जवाब उनके (विपक्षी नेताओं के) आधिकारिक ईमेल पर भेज दिया गया है।'
सूत्रों ने बताया कि प्रधान न्यायाधीश नेताओं से मिलने के लिए सहमत नहीं हुए हैं। हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।
अपनी मांगों को लेकर विपक्षी दलों ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय तक विरोध मार्च निकालने की घोषणा की है। कांग्रेस ने इसे 'चलो दिल्ली - लोकतंत्र के लिए मार्च' का नाम दिया है और कहा है कि वे दोपहर डेढ़ बजे कनॉट प्लेस-बाराखम्बा रोड चौराहे पर एकत्र होंगे।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश
अविनाश