Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

'आप' ने बंगला साहिब गुरुद्वारे में दिल्ली पुलिस के प्रवेश की निंदा की

चंडीगढ़, 11 अक्टूबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित बंगला साहिब गुरुद्वारे में दिल्ली पुलिस के जवानों के कथित तौर पर घुसने की रविवार को निंदा की और उन (पुलिसकर्मियों) पर गुरुद्वारे की पवित्रता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।

पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे, शनिवार के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों की तुरंत रिहाई और गुरुद्वारे की 'मर्यादा' का उल्लंघन करने में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

'आप' विधायक और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा, 'दिल्ली पुलिस की कार्रवाई ने 'ऑपरेशन ब्लूस्टार' और 1984 की घटनाओं की दर्दनाक यादें ताजा कर दीं, जिन्हें सिख समुदाय कभी नहीं भूल पाया है।'

उन्होंने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 1984 की घटनाओं को लेकर कांग्रेस की बार-बार आलोचना की है, लेकिन बंगला साहिब की घटना ने उसकी दोहरी मानसिकता को उजागर कर दिया है। भाजपा और कांग्रेस भले ही राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हों, लेकिन सिखों और उनकी आवाज को दबाने के मामले में उनका रवैया एक जैसा ही लगता है।'

धालीवाल ने कहा कि शाह को केंद्रीय गृह मंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और पुलिस की कार्रवाई की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

उन्होंने अकाल तख्त के जत्थेदार से इस घटना का गंभीरता से संज्ञान लेने और सिख संगठनों से इस 'उल्लंघन' के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

'आप' विधायक बलजिंदर कौर ने कहा, '10 अक्टूबर का दिन एक काला दिन था। दिल्ली पुलिस ने बिना सोचे-समझे लोगों को हिरासत में लिया, जबकि प्रदर्शनकारियों को उनकी मंजिल तक पहुंचने से रोकने के लिए मेट्रो सेवाएं, बस और यातायात बाधित किया गया।'

उन्होंने कहा, 'वर्दीधारी पुलिसकर्मियों को गुरुद्वारा बंगला साहिब में जूते पहने और बिना सिर ढके घुसते और गुरुद्वारे की 'सराय' से लोगों को जबरदस्ती बाहर निकालते हुए दिखाने वाले वीडियो बेहद परेशान करने वाले हैं।'

कौर ने कहा कि 'सराय' दुनियाभर से आने वाले लोगों को आश्रय देती है और किसी पवित्र स्थान के भीतर इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है।

अकाली दल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) की 'चुप्पी' पर सवाल उठाते हुए कौर ने कहा, 'जब इतनी गंभीर घटना हुई है, तो शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी चुप क्यों हैं?'

उन्होंने सवाल किया, 'क्या उनके लिए भाजपा के साथ राजनीतिक तालमेल सिखों की भावनाओं से ज्यादा अहम है? मैं श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से अपील करती हूं कि वह मजबूती से अपना पक्ष रखें और जवाबदेही की मांग करें।'

'आप' विधायक मनविंदर सिंह गियासपुरा ने कहा कि पुलिसकर्मियों का जूते पहनकर और बिना सिर ढके गुरुद्वारा परिसर में घुसना एक ऐसी हरकत है, जिसे न तो भुलाया जा सकता है और न ही माफ किया जा सकता है।

भाषा पारुल शफीक

शफीक