नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) 'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने रविवार को कहा कि वह और संगठन के अन्य नेता जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की खातिर तारीख मांगने के लिए सोमवार को दिल्ली पुलिस से संपर्क करेंगे।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में रांका ने कहा कि वह, कॉजपा के सह-संयोजक सौरव दास, कानूनी टीम की प्रमुख रत्ना सिंह और अन्य नेताओं के साथ सोमवार सुबह 10 बजे संसद मार्ग थाना जाएंगे ताकि प्रदर्शन के लिए तारीख मांगी जा सके।
रांका ने कहा, 'दिल्ली पुलिस हमें 24 घंटे के भीतर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए तारीख दे सकती है, वरना कॉजपा नये प्रदर्शन का आह्वान करेगी।'
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कॉजपा ने शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की योजना बनाई थी।
हालांकि, शनिवार को मुंबई से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर विमान के उतरते ही दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में ले लिया।
उनकी यह हिरासत प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी में की गई व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और पाबंदियों के बीच हुई, जबकि कॉजपा ने अधिकारियों पर प्रदर्शनकारियों को तय स्थल तक पहुंचने से रोकने का आरोप लगाया।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश