चंडीगढ़, 11 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने रविवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस भवन में आयोजित एक समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और चरणजीत सिंह चन्नी की मौजूदगी में अपना पदभार संभाला।
इस मौके पर कांग्रेस ने अगले साल प्रस्तावित राज्य विधानसभा चुनावों से पहले एकजुटता दिखाने की कोशिश भी की।
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और जालंधर कैंट से तीन बार विधायक रह चुके परगट (61) ने लुधियाना के सांसद वडिंग की जगह पंजाब कांग्रेस प्रमुख का पद संभाला है।
कार्यक्रम में वडिंग और चन्नी के अलावा कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, पटियाला से सांसद धरमवीर गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि दिल्ली में उनके पहले से तय कुछ कार्यक्रम थे।
परगट ने पंजाब कांग्रेस प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह सिर्फ (पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का) पद संभालने की बात नहीं है, बल्कि पंजाब के प्रति मेरी जिम्मेदारी का बढ़ना भी है।’’
परगट ने ‘‘सकारात्मक राजनीति’’ की जरूरत पर जोर दिया। सिंह ने कहा, ‘‘मैं सकारात्मक राजनीति करूंगा, जो प्रतिशोध की भावना से प्रेरित नहीं होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब के मुद्दे सबसे पहले हैं। पंजाब के लोग अपने अधिकारों, न्याय और सुरक्षित भविष्य की प्रतीक्षा कर रहे हैं। किसानों से लेकर युवाओं तक, हर वर्ग की अपेक्षाओं को पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है।’’
सिंह ने कहा, ‘‘कांग्रेस एकजुट है और हमारा संघर्ष ऐसी व्यवस्था के खिलाफ है, जो लोगों को उनके जायज अधिकार दिलाने में विफल रही है।’’
मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि सरकार को कांग्रेस की एकता की चिंता करने के बजाय पंजाब के लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
कानून-व्यवस्था और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए सिंह ने पुलिस महानिदेशक गौरव यादव और मुख्य सचिव के ए पी सिन्हा से कानून के दायरे में रहकर काम करने का आग्रह किया।
कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने सिंह को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और कहा कि वह अनुभवी और मजबूत टीम के साथ काम करेंगे।
भाषा पारुल अमित
अमित