नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों पर पुलिस कार्रवाई के बीच दिल्ली में घटनाक्रमों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए रविवार को ‘‘अशुभ संकेत’’ बताया।
राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल के नेता ओ'ब्रायन ने मीडिया से कहा, ‘‘दिल्ली की सड़कों पर जो संकेत दिख रहे हैं, वे मोदी और शाह के लिए अशुभ हैं। हम देख रहे हैं कि प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के बाहर से पत्रकारों को पुलिस उठा रही है। ये इस सरकार के लिए खतरनाक संकेत हैं।’’
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ प्रदर्शनों को कवर कर रहे कई पत्रकारों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इसके बाद प्रेस क्लब ऑफ इंडिया और पत्रकारों के तीन अन्य संगठनों ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए जांच की मांग की।
ये प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने आयोजित किए थे, जिनमें छात्र संगठनों ने भी हिस्सा लिया। पुलिस ने पिछले दो दिनों में शहर में कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।
ओ'ब्रायन ने प्रदर्शनों को संगठित करने के लिए युवाओं और कॉजपा के सदस्यों का आभार भी जताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के उन युवाओं (कॉकरोच का इमोजी) का आभार, जिन्होंने इसकी शुरुआत की। अब हम सभी साथ हैं। एकजुट हैं। आइए, इसे पूरा करें।’’
शनिवार को सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम और कॉजपा के नेता अभिजीत दीपके तथा चार पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत सात हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने से सरकार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित बड़े प्रदर्शन को रोकने में मदद मिली।
निर्धारित प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर पर पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। प्रदर्शनकारियों को इलाके से दूर रखने के लिए लुटियन दिल्ली में 30 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी और कई चरणों में बैरिकेड लगाए गए थे।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश