चेन्नई, 11 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से बने पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन किया और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ मेट्रो ट्रेन में सफर किया।
प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की मौजूदगी में नयी मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में सफर किया।
ये नयी मेट्रो सेवाएं मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के कॉरिडोर-चार के तहत संचालित होंगी।
लगभग 15 किलोमीटर के नवनिर्मित खंड में कुल 11 एलिवेटेड स्टेशन हैं।
इस खंड पर किराया 10 रुपये से 40 रुपये के बीच है।
ऐसा पहली बार हुआ कि मई में विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद दोनों नेताओं ने एक सार्वजनिक मंच साझा किया। उनके एक साथ दिखने से केंद्र और राज्य के बीच संबंधों में एक नयी शुरुआत का संकेत मिला - जो पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार के समय से एक उल्लेखनीय बदलाव है।
दूसरे चरण की परियोजनाएं केंद्र और तमिलनाडु सरकार का एक संयुक्त उद्यम है।
दोनों नेताओं ने एक साथ हरी झंडी दिखाकर 4,900 करोड़ रुपये की लागत वाले पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन किया, जिससे चेन्नई के पश्चिमी उपनगरों और शहर के केंद्र के बीच परिवहन कनेक्टिविटी में काफी सुधार हुआ।
यह हिस्सा कॉरिडोर 4 (येलो लाइन) का एक अहम हिस्सा है, जो आगे जाकर मरीना बीच के पास लाइटहाउस तक कुल 26.1 किलोमीटर का होगा।
चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण की परियोजना भारत में एक ही चरण में पूरी की जाने वाली सबसे बड़ी मेट्रो अवसंरचना परियोजना है। इसमें तीन कॉरिडोर (कॉरिडोर 3, 4 और 5) पर कुल 118.9 किलोमीटर की लंबाई और 128 स्टेशन शामिल हैं। जैसे-जैसे निर्माण कार्य पूरा हो रहा है, इस प्रणाली को चरणबद्ध रूप से खोला जा रहा है।
इस नये कॉरिडोर पर 3.7 किलोमीटर लंबा एक अनोखा ‘डबल-डेकर’ ढांचा तैयार किया गया है। इसमें चालक के बिना मेट्रो ट्रेनें चलाने के लिए आधुनिक सिग्नल प्रणाली भी लगाई गई है।
इस नए कॉरिडोर के शुरू होने से यात्रियों के सफर का समय कम होगा और तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी उपनगरों से चेन्नई के मुख्य हिस्से में आना-जाना आसान होगा।
चेन्नई मेट्रो रेल के अनुसार, इस खंड पर आम यात्रियों के लिए नियमित सेवाएं रविवार शाम चार बजे से शुरू होंगी और रात नौ बजे तक दोनों दिशाओं में ट्रेनें चलेंगी।
इसने बताया कि 12 अक्टूबर से इस मार्ग पर नियमित सेवाएं सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
मेट्रो की इस नयी ‘येलो लाइन’ पर पूनामल्ली बाईपास, पूनामल्ली बस अड्डा, पूनामल्ली राजकीय अस्पताल, करयांचवडी, कुमनानचवडी, कट्टुपक्कम, अय्यप्पनथंगल, थेल्लियारगरम, पोरूर बाईपास, पोरूर चौक और वडापलानी स्टेशन हैं।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप