नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) अंकिता ने रविवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में एक दशक पुराना मीट रिकॉर्ड तोड़कर स्वर्ण पदक जीता।
अखिल भारतीय पुलिस का प्रतिनिधित्व कर रहे जिस्नु प्रसाद ने भी पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में मीट रिकॉर्ड में सुधार किया। उन्होंने 20.62 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता और 2024 में बेंगलुरु में बी नितिन के नाम दर्ज 20.66 सेकेंड के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा।
प्रतियोगिता में रेलवे का प्रतिनिधित्व कर रही अंकिता ने नौ मिनट 34.86 सेकेंड का समय निकाला जो 2015 में कोलकाता में ललिता बाबर के बनाए नौ मिनट 39.83 सेकेंड के मीट रिकॉर्ड से बेहतर था। अंकिता ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंत तक अपनी बढ़त कायम रखते हुए स्पर्धा जीती।
स्पर्धा के बाद अंकिता ने कहा, ‘‘मैं इससे बेहतर समय निकाल सकती थी। लेकिन आज दौड़ में मुझे चुनौती देने वाला कोई नहीं था।’’
महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज का राष्ट्रीय रिकॉर्ड पारुल चौधरी के नाम है जिन्होंने नौ मिनट 08.67 सेकेंड का समय निकाला था।
इससे पहले पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में शाहरुख खान 2018 में भुवनेश्वर में अविनाश साबले के बनाए आठ मिनट 29.80 सेकेंड के मीट रिकॉर्ड को मामूली अंतर से तोड़ने से चूक गए।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द