गुरुग्राम, 11 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में सोहना रोड पर एरिया मॉल के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार एक एसयूवी ने सड़क किनारे सो रहे एक दंपति को कुचल दिया जिसमें 63 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की निवासी चिरंजी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उनके 66 वर्षीय पति नत्थू राम का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, बादशाहपुर से सोहना की ओर जा रही टोयोटा फॉर्च्यूनर के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण कथित तौर पर खो दिय जिससे एसयूवी फुटपाथ पर चढ़ गई और दंपति को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि दंपति को कुचलने के बाद वाहन आगे बढ़ा और फुटपाथ पर खड़ी एक क्रेन से टकरा गया। पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद वाहन के एयरबैग खुल गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर में एक पुरुष और एक महिला सवार थे और हादसे के बाद दोनों कथित तौर पर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि घायल दंपति को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिरंजी देवी ने दम तोड़ दिया जबकि उनके पति की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि दंपति के बेटे कैलाश कुमार की शिकायत के आधार पर बादशाहपुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने क्षतिग्रस्त एसयूवी को जब्त कर लिया है और उसमें सवार लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि वाहन के मालिक को थाने बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि एसयूवी में सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा अमित रंजन
रंजन