दुबई, 11 अक्टूबर (भाषा) सऊदी अरब की राजधानी रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल हुए 300 से अधिक लोगों में कम से कम 11 भारतीय शामिल हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को यह जानकारी दी।
शनिवार को हुए इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई है।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह रियाद हवाई अड्डे पर हुए इस “कायरतापूर्ण हमले” के मामले पर लगातार नजर रख रहा है और घायलों का हाल जानने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।
पिछले एक सप्ताह के दौरान हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए कई हमलों में यह सबसे नया हमला था।
मरने वालों में सऊदी अरब के चार नागरिक, बांग्लादेश का एक नागरिक, एक फलस्तीनी, एक अमेरिकी, मिस्र का एक नागरिक, जॉर्डन का एक नागरिक, सीरिया का एक नागरिक और सूडान का एक नागरिक शामिल हैं।
दूतावास ने कहा, “हमें जानकारी मिली है कि हमले में घायल लोगों में 11 भारतीय शामिल हैं। दूतावास उनके हालचाल जानने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। हमारे अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन से भी संपर्क किया है।”
भारत ने रविवार को इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि खाड़ी देश में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर बार-बार किए जा रहे हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान में कहा, “हम पिछले कुछ दिन में रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बार-बार किए गए हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। इनमें 10 अक्टूबर को किया गया कायरतापूर्ण हमला भी शामिल है, जिसमें लोगों की जान गई, कई लोग घायल हुए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा।”
बयान में कहा गया है, “हम मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
सऊदी अरब ने इस हमले के लिए हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा, “हम सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां की जनता और सरकार के साथ एकजुटता से खड़े हैं। हम आशा करते हैं कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।”
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप