Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

गुजरात निकाय चुनाव: गांधीनगर में 59 प्रतिशत, थरा में 81 प्रतिशत मतदान

अहमदाबाद, 11 अक्टूबर (भाषा) गुजरात में रविवार को गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) के चुनाव में 59.25 प्रतिशत, जबकि थरा नगरपालिका में 81.18 प्रतिशत और ओखा में 56.44 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

राज्य निर्वाचन आयोग के संयुक्त आयुक्त एन. के. डामोर ने बताया कि मतदान के ये आंकड़े अनंतिम हैं।

राज्य के इन तीनों स्थानीय निकायों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त हो गया। इसके साथ ही विभिन्न नगरपालिकाओं तथा जिला और तालुका पंचायतों की सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतदान हुआ।

डामोर ने कहा, ‘‘कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।’’

जीएमसी के सभी 11 वार्ड की 44 सीट पर चुनाव हुए, जिनमें 130 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच था।

गांधीनगर नगर निगम में लगभग 2.59 लाख मतदाता हैं। इससे पहले अक्टूबर 2021 में हुए चुनाव में भाजपा ने 44 में से 41 सीट पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को दो और आप को एक सीट मिली थी।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, ओखा नगरपालिका के नौ वार्ड की कुल 36 सीट में से 32 पर मतदान हुआ, क्योंकि चार सीट पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष 32 सीट के लिए 75 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

वहीं, थरा नगरपालिका के छह वार्ड की 24 सीट पर चुनाव हुआ। यहां 59 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

इसके अलावा, खेरालु, छोटा उदयपुर और बायड नगरपालिकाओं की एक-एक सीट के साथ-साथ विभिन्न जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों की सीट पर भी उपचुनाव हुआ।

मतगणना 13 अक्टूबर को होगी।

राज्य निर्वाचन आयोग ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये थे।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप