हैदराबाद, 11 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक उड़ान में रविवार को एक यात्री के सीट के ऊपर बने खांचे में रखे गए एक निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने के बाद विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया। विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। विमानन कंपनी ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि विमान में करीब 180 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे।
इंडिगो ने एक बयान में कहा, ‘‘ग्यारह अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 6115 को यात्री के एक निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने के बाद हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया। केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रित किया।’’
कंपनी ने कहा, ‘‘निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत पायलटों ने विमान का मार्ग बदला और उसे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा।’’
इसने बताया कि यात्रियों को चेन्नई ले जाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई।
घटना में आग लगने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर इंडिगो के प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि आग नहीं, बल्कि एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने का पता चला था।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल