कोलकाता, 11 अक्टूबर (भाषा) ममता अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) द्वारा पोस्टर अभियान में हिंदी शब्द थोपे जाने के आरोप को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधे जाने के बीच कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने देवी दुर्गा के स्वागत में लगाये गये बांग्ला पोस्टर की भाषा बदल दी।
दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान 10 से 21 अक्टूबर तक शहर में आयोजित स्वच्छता अभियान के एक पोस्टर पर लिखा गया-‘‘मायेर कोरबो स्वच्छता से स्वागत’’ (मां दुर्गा का स्वच्छता से स्वागत करेंगे)। इस वाक्य में बांग्ला और हिंदी दोनों वाक्यांशों को मिलाया गया।
बाद में, नगर निकाय ने इसे बदलकर “स्वच्छतार साथे मां के स्वागत जानाई” कर दिया, जो उसी अर्थ को व्यक्त करने वाला एक बांग्ला वाक्य है।
केएमसी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किये गये इस पोस्टर में कहा गया है कि देवी दुर्गा का स्वच्छ शहर में स्वागत करने के लिए यह अभियान शुरू किया जा रहा है। इसमें महानगर के लोगों से स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अधिक जिम्मेदार बनने का भी आह्वान किया गया।
हालांकि, एक ही वाक्य में हिंदी और बांग्ला शब्दों के इस संयोजन को लेकर राज्य की पूर्व सत्तारूढ़ पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
ममता तृणमूल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि कोलकाता नगर निगम द्वारा जारी की जाने वाली सामग्री की कोई त्रुटियां ठीक नहीं की जाती है। जब तक हमारी भाषा की इस तरह उपेक्षा होती रहेगी, तब तक भाजपा सरकार इसे हरी झंडी देती रहेगी! दिल्ली के अपने आकाओं को खुश करने के लिए बंगाल पर जबरन हिंदी थोपना बंद करें।’’
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पोस्टर साझा करते हुए कहा, ‘‘मुझे यह सोचकर हैरानी होने लगी है कि क्या बचपन में मैंने बांग्ला गलत सीखी थी या फिर बिना किसी के बताए यह भाषा ही बदल गई है!’’
ममता तृणमूल के विधायक एवं प्रवक्ता कुणाल घोष ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा और जरूरी सुधार करने की मांग की।
घोष ने कहा, ‘‘यह क्या है? क्या यह बांग्ला है? क्या आप मजाक कर रहे हैं? भाजपा पश्चिम बंगाल पर और कितनी खराब संस्कृति थोपेगी? बांग्ला भाषा को और कितना खराब किया जाएगा? इसे तुरंत हटाएं। इसे बदलें और सही बांग्ला लिखें। नगर निगम की वर्तमान स्थिति इस घटिया वाक्यांश जितनी ही खराब है।’’
आलोचना के बाद, केएमसी ने भाषा में बदलाव किया और एक नया नारा पोस्ट किया, जिसमें लिखा था ‘‘स्वच्छतार साथे मां के स्वागत जानाई’’(हम स्वच्छता के साथ मां का स्वागत करते हैं)।
हालांकि, नये पोस्टर के ऊपरी हिस्से में मूल नारा ‘‘स्वच्छता से स्वागत’’ बरकरार रखा गया।
पोस्टर में कहा गया था कि मां दुर्गा के स्वागत के लिए शहर को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से स्वच्छता अभियान शुरू किया जा रहा है। इसमें महानगर के लोगों से भी स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अधिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई थी।
भाषा देवेंद्र रंजन
रंजन