Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

भगवा गमछा लिए समूहों ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को दूसरे दिन भी धमकाया, लाठी लिए नजर आए

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर भगवा कपड़े पहने लोगों के हमले के एक दिन बाद रविवार को मध्य दिल्ली में लाठियां लिए कुछ लोग घूमते और प्रदर्शनकारियों को फिर से धमकाते नजर आए। इस बीच, शनिवार को हुई हिंसा के सिलसिले में चार कथित हमलावरों को गिरफ्तार किया गया।

शनिवार को भगवा गमछे लिए हुए और धार्मिक नारे लगाते लोगों के समूह प्रदर्शन स्थलों के आसपास घूमते नजर आए। वे प्रदर्शनकारियों को धमका रहे थे और निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हिंसा किए जाने का खुलेआम बचाव कर रहे थे।

प्रदर्शन वाले कनॉट प्लेस इलाके में रविवार को लाठियां लिए कई लोग घूमते नजर आए। वे प्रदर्शनकारियों से भिड़ रहे थे और उन्हें धमकियां दे रहे थे।

शनिवार को हुए हमले के सिलसिले में गिरफ्तारियां होने के बावजूद ये समूह सड़कों पर घूमते रहे।

दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर छात्रों के साथ कथित तौर पर मारपीट करने और महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने स्वयं को दक्षिणपंथी संगठन हिंदू रक्षा दल का सदस्य बताया।

हालांकि, उस दिन के वीडियो में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बड़े समूह प्रदर्शन स्थलों के आसपास घूमते, पुलिस और प्रशासन का खुलकर समर्थन करते और निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों को धमकाते दिखे।

इन लोगों को यह कहते सुना गया कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन में आए हैं और उन्हें इस बात की परवाह नहीं है कि पुलिस उन्हें पकड़कर ले जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनों में ‘‘राष्ट्र-विरोधी और मोदी-विरोधी’’ नारे लगाए जा रहे हैं, वहीं, कुछ ने प्रदर्शनकारियों को राष्ट्र-विरोधी तत्व बताते हुए कहा कि उन्हें पीटा जाना चाहिए।

भगवा गमछे लिए पुरुषों के समूह ‘‘दिल्ली पुलिस तुम लट्ठ बजाओ, हम तुम्हारे साथ हैं’’ के नारे लगाते दिखे। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद ये समूह परोक्ष तौर पर बिना किसी रोक-टोक के घूमते रहे।

निर्वाचन आयोग के कामकाज और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शनों के दौरान राजधानी में हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया।

सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित एक वीडियो में दो पुरुष एक पुरुष प्रदर्शनकारी पर हमला करते और एक महिला के साथ धक्का-मुक्की करते दिख रहे हैं। वे महिला को जमीन पर धकेलते और उसके कपड़े खींचते नजर आए।

ये दोनों पुरुष हिंदू रक्षा दल प्रमुख और गाजियाबाद में रहने वाले एक हिस्ट्रीशीटर पिंकी चौधरी के साथ कई पुराने वीडियो में भी दिखाई देते हैं।

संबंधित वीडियो में घटनास्थल पर एक पुलिस अधिकारी भी नजर आता है। एक समय एक अन्य अधिकारी कथित हमलावरों में से एक के पास जाते और उसके कान में कुछ कहते देखा जा सकता है। इसके बाद उक्त व्यक्ति घटना का वीडियो बना रहे शख्स की ओर बढ़ता है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी कथित हमले का एक स्क्रीनशॉट साझा किया था।

बाद में, शनिवार को चौधरी ने इसी कथित वीडियो को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए हमले की जिम्मेदारी ली और पुरुषों को अपने संगठन का सदस्य बताया।

चौधरी ने लिखा, ‘‘ये हिंदू रक्षा दल के मेरे कार्यकर्ता हैं, यह ऐसा संगठन है जो अपने वादे पूरे करता है।’’ उन्होंने कहा कि संगठन में ‘‘कॉकरोचों’’ की अक्ल ठिकाने लगाने की ताकत है और वह ऐसा करना जारी रखेगा।

चौधरी ने एक अन्य पोस्ट में हमलावरों को सनातन धर्म का ‘‘योद्धा’’ बताया और चेतावनी दी कि इसे निशाना बनाने वालों को भी निशाना बनाया जाएगा। चौधरी ने लिखा, ‘‘हमारी राजनीति में कोई रुचि नहीं है, लेकिन अगर कोई सनातन को निशाना बनाएगा, तो हम उसे निशाना बनाएंगे और वहीं पहुंचा देंगे, जहां उसे होना चाहिए।’’

उन्होंने यह पोस्ट प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली के मुख्यमंत्रियों के कार्यालयों को भी टैग किया।

चौधरी ने यह चेतावनी भी दी कि हिंदू रक्षा दल उसे चुनौती देने वालों को नहीं बख्शेगा और घोषणा की कि वह अपने कार्यकर्ताओं की रक्षा के लिए तैयार है।

यह पोस्ट प्रदर्शन से पहले जारी उस अपील के बाद आया, जिसमें चौधरी ने समर्थकों से लाठियां लेकर जंतर-मंतर पहुंचने को कहा था।

पुलिस ने रविवार को कहा कि डीडीयू मार्ग पर हुई मारपीट के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उक्त इलाका कमला मार्केट थाने के अंतर्गत आता है।

हालांकि, ये गिरफ्तारियां कैमरे में दर्ज घटनाओं में से एक से संबंधित हैं। वहीं कई अन्य वीडियो में अलग-अलग स्थानों पर बड़े समूह प्रदर्शनकारियों से भिड़ते और उन्हें धमकाते हुए दिखे।

पीटीआई ने शनिवार शाम गिरफ्तार किए गए दो लोगों के इंस्टाग्राम प्रोफाइल की पड़ताल की और वहां भड़काऊ सांप्रदायिक सामग्री वाले पोस्ट मिले। रविवार सुबह तक दोनों प्रोफाइल हटा दिए गए थे।

इस सामग्री में अगस्त में डाला गया एक वीडियो भी शामिल था, जिसमें कथित हमलावरों में से एक की जेल से कथित रिहाई के बाद जश्न मनाने का दृश्य दिखा। वीडियो में उसके समर्थक उसे जेल के अंदर और बाहर दोनों जगह ‘‘शेर’’ बताते और दावा करते सुनाई देते हैं कि वह ‘‘जिहादियों’’ के लिए आतंक है।

अन्य वीडियो में कुछ लोग खुद को हिंदू रक्षा दल का सदस्य बताते हुए चिकन की दुकानों और मांसाहारी भोजन परोसने वाले रेस्तरां को जबरन बंद कराते दिखे।

इन गिरफ्तारियों के बाद हिंदू रक्षा दल और इसके प्रमुख चौधरी पर एक बार फिर ध्यान गया है। चौधरी के खिलाफ पिछले कई वर्षों में कई आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं।

जुलाई में जंतर-मंतर पर छात्रों के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों के बाद चौधरी और उसके सहयोगियों ने ऐसे वीडियो जारी किए थे, जिनमें प्रदर्शनकारियों पर शारीरिक हमला करने की धमकी दी गई थी।

चौधरी ने 2013 में इस संगठन की स्थापना की थी। यह संगठन गौ रक्षा, अंतरधार्मिक संबंधों के विरोध और कथित धार्मिक धर्मांतरण के खिलाफ अभियानों से जुड़ा रहा है।

शनिवार के प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों का विरोध कर रहे कुछ पुरुषों ने खुले तौर पर हिंसा का समर्थन भी किया। उत्तर प्रदेश से आने की बात कहने वाले एक व्यक्ति ने हमलों को सही ठहराते हुए दावा किया कि देश को ‘‘बांटने’’ की कोशिश करने वाले लोग ‘‘पिटाई के हकदार’’ हैं।

भाषा अमित नेत्रपाल

नेत्रपाल