जम्मू, 11 अक्टूबर (भाषा) जम्मू में रविवार को तीन घंटे में 185.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे अक्टूबर में बारिश का 71 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। वर्ष 1955 में अक्टूबर में 160 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बारिश से संबंधित घटनाओं में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई और जनजीवन प्रभावित हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश से सड़कें और रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए, वाहनों को नुकसान पहुंचा और कई जगह भूस्खलन हुआ। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान गिरकर सामान्य से नौ डिग्री कम 23.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
उन्होंने बताया कि जम्मू के रायपुर डोमाना इलाके में 27 वर्षीय एक महिला अपने पति को बचाने की कोशिश में अचानक आई बाढ़ में बह गई और लापता हो गई। उसका पति अपनी खड़ी कार को हटाने की कोशिश कर रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, व्यक्ति किसी वस्तु को पकड़कर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन स्थानीय लोगों, पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों के व्यापक तलाशी अभियान के बावजूद उसकी पत्नी का पता नहीं चल सका।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम डोमाना इलाके में एक अन्य व्यक्ति का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि आशंका है कि उसकी मौत पानी से भरे नाले में डूबने से हुई।
भारी बारिश के कारण जम्मू में कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कई इलाकों में घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया।
अधिकारियों ने बताया कि पंजतीर्थी, नगरोटा, रूप नगर, जानीपुर, डोगरा चौक, दुर्गा नगर, शक्ति नगर और रायपुर डोमाना सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मूसलाधार बारिश और जलभराव के कारण कारों तथा दोपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
अधिकारियों ने बताया कि पंजतीर्थी-सिदराह और सिदराह-नगरोटा मार्ग पर भूस्खलन की सूचना मिली है, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हुई और यातायात जाम लग गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित हिस्सों पर यातायात बहाल करने के लिए कई घंटों की कोशिशों के बाद मलबा हटाया गया।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश