पंचकूला, 11 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा पुलिस ने धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा, सुविधा और बेहतर पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाते हुए पंचकूला स्थित श्री माता मनसा देवी मंदिर में राज्य का पहला पर्यटन पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को इस केंद्र का उद्घाटन किया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, आधुनिक निगरानी प्रणाली, विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई सुविधाओं से लैस यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, देशभर से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल और पंचकूला के पुलिस आयुक्त पंकज नैन भी मौजूद थे।
बयान के अनुसार, पर्यटन पुलिस सहायता केंद्र का उद्देश्य अलग-अलग राज्यों और भाषाई पृष्ठभूमि से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में सुरक्षा, मार्गदर्शन, शिकायतों के निवारण और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। इससे श्रद्धालुओं को छोटी-मोटी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों या पुलिस थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उद्घाटन समारोह के दौरान सैनी ने पुलिस अधिकारियों से पर्यटन पुलिस सहायता केंद्र के कामकाज, वहां उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
इस पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु श्री माता मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करने आते हैं।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश