Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से मेट्रो रेल के तीसरे चरण को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया

चेन्नई, 11 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से चेन्नई मेट्रो रेल के तीसरे चरण को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया, ताकि एयरपोर्ट-किलांबक्कम और पूनामल्ली-सुंगुवरचत्रम जैसे इलाकों तक कनेक्टिविटी बढ़ाई जा सके।

प्रधानमंत्री द्वारा 13,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने के बाद, मोदी की मौजूदगी में एक सभा को संबोधित करते हुए विजय ने चेन्नई महानगर इलाके में मेट्रो का पूर्ण विस्तार सुनिश्चित करने के लिए, लगभग 65 किलोमीटर लंबे तीसरे चरण के नेटवर्क के तहत कोयम्बेडु से पट्टाबिरम वाले हिस्से को शामिल करने और उसे जल्द मंजूरी देने का भी आग्रह किया।

यह उल्लेख करते हुए कि पूनामल्ली बाईपास और वडापलानी के बीच 14.64 किलोमीटर का ‘फेज-2’ का कॉरिडोर 4 खुल चुका है, जबकि 104 किलोमीटर का काम अभी जारी है, मुख्यमंत्री ने दोनों राज्यों के फायदे के लिए तमिलनाडु के होसुर को कर्नाटक के बोम्मासंद्रा से जोड़ने वाले अंतरराज्यीय मेट्रो लिंक को जल्द मंजूरी देने पर जोर दिया।

केंद्रीय बजट 2026 में बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई के बीच दो हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए, विजय ने केंद्र सरकार से चेन्नई को कन्याकुमारी और कोयंबटूर से जोड़ने वाले हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को मंजूरी देने का अनुरोध किया, ताकि आर्थिक और पर्यटन विकास को बढ़ावा मिल सके।

इस बात को दोहराते हुए कि ‘‘मजबूत राज्यों से ही मजबूत भारत बनता है’’, मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि तमिलनाडु का लक्ष्य नवाचार, निवेश और अवसंरचना को प्राथमिकता देकर 2036 तक 1.5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना है, साथ ही यह भी सुनिश्चित करना है कि प्रगति का फायदा चेन्नई के अलावा हर ज़िले तक पहुंचे।

जल संसाधनों के मामले में, विजय ने गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना को राष्ट्रीय प्राथमिकता बताते हुए इस बात पर जोर दिया कि राज्यों के बीच जल के न्यायसंगत बंटवारे के लिए नदियों को आपस में जोड़ना जरूरी है।

इसके अलावा, उन्होंने मद्रास उच्च न्यायालय की कार्यवाही के लिए तमिल को मुख्य भाषा बनाने की मांग की और समग्र शिक्षा अभियान (एसएसए) योजना के तहत 5,110 करोड़ रुपये की बकाया केंद्रीय धनराशि को बिना शर्त जारी करने का अनुरोध किया।

भाषा सुभाष नेत्रपाल

नेत्रपाल