झांसी, 11 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा ने हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को यहां डिवीजन बी के पूल ए मुकाबले में केरल को 9-0 से करारी शिकस्त देकर दो मैचों में दूसरी जीत दर्ज की।
उत्तराखंड और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव ने भी कड़े मुकाबलों में जीत हासिल की, जबकि झारखंड और हिमाचल प्रदेश की टीमों को अपने-अपने मुकाबले जीतने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
ओडिशा ने केरल के खिलाफ पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं किया, लेकिन दूसरे क्वार्टर में दो गोल दागकर बढ़त बना ली। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में पांच और चौथे क्वार्टर में दो गोल कर मुकाबला एकतरफा कर दिया।
ओडिशा ने दो मुकाबलों में अब तक कुल 27 गोल किए हैं और उसके खिलाफ केवल एक गोल हुआ है।
पूल ए के एक अन्य मुकाबले में उत्तराखंड ने पहले दिन 1-18 की बड़ी हार के बाद शानदार वापसी करते हुए असम को 3-2 से हराकर पहली जीत दर्ज की।
डिवीजन बी के पूल बी मुकाबले में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव की टीम ने अरुणाचल प्रदेश को 2-1 से हराया
पूल बी के एक अन्य मैच में झारखंड ने गोवा को 4-1 से शिकस्त दी जबकि हिमाचल ने पूल ए के मैच में मिजोरम को 4-2 से हराया।
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर