देहरादून, 11 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल के खिलाफ की गई टिप्पणियों की रविवार को आलोचना की। उन्होंने इसे सुरक्षा एजेंसियों को राजनीति में घसीटने और उनका मनोबल गिराने का प्रयास करार दिया।
राज्यसभा सदस्य भट्ट ने कहा कि 'देवभूमि' के बहादुर लोग डोभाल को खलनायक के तौर पर पेश करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व को कभी माफ नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘जनता उत्तराखंड के उन कांग्रेस नेताओं को भी कड़ा सबक सिखाएगी, जो देवभूमि के सम्मान के इस अपमान पर चुप रहे हैं। अलग-अलग राज्यों में बार-बार नकारे जाने से हताश होकर कांग्रेस के 'युवराज' डोभाल के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और एनएसए अजित डोभाल को देश का “खलनायक” बताने का राहुल गांधी का कृत्य “बेहद शर्मनाक, गैर-जिम्मेदाराना और राष्ट्र-विरोधी” है।
उन्होंने कहा, “सुरक्षा एजेंसियों का मनोबल गिराने के लिए उन पर हमला करके राजनीति करने वाले कांग्रेस नेता अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। वह देश के सुरक्षा तंत्र के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ अपनी हताशा निकाल रहे हैं।”
भट्ट ने कहा कि राजनीतिक रूप से प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा का विरोध किया जा सकता है, लेकिन “केवल राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवैधानिक पदों पर आसीन अधिकारियों के खिलाफ झूठ फैलाना पूरी तरह से राष्ट्र-विरोधी कृत्य है।”
उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य अनजाने में देश के दुश्मनों की मदद करते हैं और वैश्विक स्तर पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं।
भट्ट ने कहा, “यह चौंकाने वाला और दुखद है कि संवैधानिक पदों पर बैठे विपक्षी नेता बार-बार भारत के खिलाफ उसी तरह के आरोप लगा रहे हैं और झूठे बयान दे रहे हैं, जैसे पाकिस्तान के नेता देते हैं।”
राहुल ने शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, “नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, ज्ञानेश कुमार, अजीत डोभाल इस कहानी के खलनायक हैं। वे अब धीरे-धीरे घिरते जा रहे हैं। हम उन्हें घेर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “...सभी नेताओं को गिरफ्तार कर लें। सभी युवाओं को गिरफ्तार कर लें। हम सभी को गिरफ्तार कर लें। हम आपको घेर रहे हैं और हम पीछे नहीं हटेंगे...।”
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप