Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

शत्रुघ्न सिन्हा, चिरंजीवी, कमल हासन ने अमिताभ बच्चन को 84वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं

मुंबई, 11 अक्टूबर (भाषा) शत्रुघ्न सिन्हा, चिरंजीवी, कमल हासन, अजय देवगन, काजोल, प्रभास सहित कई फिल्मी हस्तियों ने रविवार को अमिताभ बच्चन को उनके 84वें जन्मदिन पर बधाई दी। उन्होंने अमिताभ की शानदार फिल्मी विरासत और कई पीढ़ियों के कलाकारों पर उनके प्रभाव का जश्न मनाया।

शत्रुघ्न ने अमिताभ को राष्ट्रीय प्रतीक और प्रेरणास्रोत बताया, खासकर युवा पीढ़ी के लिए।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे पसंदीदा दोस्त और राष्ट्रीय प्रतीक अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। आप (अमिताभ) सभी के लिए, खासकर युवा पीढ़ी (जेन जी) के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। आपके लिए खुशी, अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना करता हूं।’’

चिरंजीवी ने लिखा, ‘‘मेरे प्यारे गुरु जी अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की बधाई। सिनेमा के लिए आपका प्यार और अपने काम के प्रति आपका सम्मान हमेशा मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। आपकी बड़ी-बड़ी उपलब्धियों के अलावा, आपका अपनापन और विनम्रता ही आपको इतना खास बनाती है। आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और लंबी उम्र की कामना करता हूं।’’

हासन ने अमिताभ की तारीफ करते हुए उन्हें ऐसा सितारा बताया, जो ‘‘अपने आप में बेजोड़ है।’’

उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘अमिताभ ने अपनी भारी आवाज को यादगार बना दिया, ठहराव को नाटकीय अंदाज दिया और भौंहें उठाने के तरीके को कहानी में एक नया मोड़ देने वाला बना दिया। अमित जी एक साधारण से ‘देवियो और सज्जनो’ को भी किसी ब्लॉकबस्टर फिल्म की जबरदस्त शुरुआत जैसा बना सकते हैं।’’

अजय ने लिखा, ‘‘उम्र के साथ आप भले ही वरिष्ठ हो गए हों, लेकिन आपकी ऊर्जा हमेशा की तरह युवा है। जन्मदिन की बधाई, अमित जी।’’

काजोल ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट पर अमिताभ के साथ ली गई एक तस्वीर साझा करते हुए अभिनेता को हाजिरजवाब और बेहद सौम्य व्यक्तित्व वाला एक ‘‘कुदरती करिश्मा’’ बताया।

उन्होंने लिखा, ‘‘जन्मदिन मुबारक हो, हमारे हाजिरजवाब और बेहद सौम्य कुदरती करिश्मे! आपके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करती हूं।’’

प्रभास ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘महानायक अमिताभ बच्चन सर को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं! आपने मुझे जो प्यार दिया है, उसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा। सर, आपका आने वाला वर्ष शानदार रहे।’’

अभिनेता संजय दत्त ने पोस्ट किया, ‘‘प्रिय सर, जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपने हमेशा मुझे प्यार दिया है, इसके लिए मैं आपका आभारी हूं। आप मेरे हीरो हैं और मैंने आपसे बहुत कुछ सीखा है। आपके साथ काम करना ही मेरे लिए सम्मान की बात है।’’

सुनील शेट्टी ने लिखा, ‘‘मैं आपसे कितनी भी बार मिलूं, आपसे मिलने का वही उत्साह और वही विस्मय बरकरार रहता है, जो बचपन में आपको पर्दे पर देखते हुए महसूस होता था। आपसे हर मुलाकात मुझे कुछ नया सीखने का अवसर देती है तथा आपके लिए प्रशंसा का एक और कारण बनती है। मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा और हमेशा आपसे अभिभूत रहूंगा। जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं सर!’’

अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने कहा, ‘‘अमिताभ बच्चन सर एक सच्चे महानायक हैं और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ अपने आप में एक प्रतिष्ठित शो है। उनकी आत्मीयता, बेमिसाल शालीनता और सहज आकर्षण को वास्तविक रूप में अनुभव करना एक जादुई एहसास है। उनकी असली खासियत इस बात में है कि वह ‘हॉट सीट’ पर बैठने वाले हर प्रतिभागी को अपने परिवार का हिस्सा होने का एहसास कराते हैं।’’

भाषा पारुल नेत्रपाल

नेत्रपाल