जयपुर, 11 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के जयपुर में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने के प्रयासों के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के निरीक्षक दिनेश सिंह को रविवार को सम्मानित किया गया।
‘खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज एल्युमनाई एसोसिएशन’ के अध्यक्ष जीपी शर्मा ने एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा में सिंह को सम्मानित किया।
एसोसिएशन ने सड़क सुरक्षा, जिम्मेदारी से वाहन चलाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक करने में सिंह के योगदान की सराहना की।
सिंह सुरक्षित वाहन चलाने की आदतों और रक्षात्मक ड्राइविंग के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करने वाले अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना महत्वपूर्ण जनसेवा है, जिससे लोगों की जान बचाई जा सकती है।
एसोसिएशन ने कहा कि निरंतर जागरूकता अभियान चलाने और जिम्मेदारी से वाहन चलाने की आदत विकसित करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र