हैदराबाद, 11 अक्टूबर (भाषा) तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायकों सहित लगभग 60 जनप्रतिनिधि 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 12 अक्टूबर को 'इंडिया' गठबंधन के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रविवार को एक विशेष विमान से दिल्ली रवाना हुए।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ के नेतृत्व में गए इस दल में आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) एवं उद्योग मंत्री डी श्रीधर बाबू सहित प्रमुख मंत्री भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शनिवार को पार्टी सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों (एमएलसी), जिलाध्यक्षों और अन्य नेताओं को राष्ट्रीय राजधानी में 12 अक्टूबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने हाल ही में कहा था कि विपक्षी गठबंधन लोगों के मताधिकार की रक्षा के अपने जारी प्रयासों के तहत सोमवार को दिल्ली में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगा।
भाषा सुमित रंजन
रंजन