Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

जंतर-मंतर पर अराजकता फैलाने के प्रयास विफल हुए, लोकतंत्र की जीत हुई: पंकज चौधरी

लखनऊ, 11 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने रविवार को कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर अराजकता फैलाने की कोशिशें विफल रहीं और लोकतंत्र की जीत हुई। चौधरी ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि दिल्ली में अराजकता फैलाने की कोशिश देश को कमजोर करने की साजिश है। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश युवाओं और किसानों के अच्छे कार्यों की चर्चा नहीं करते, बल्कि उत्तर प्रदेश के लोगों, खासकर युवाओं को बदनाम करने का प्रयास करते हैं।

चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती देने संबंधी अखिलेश के बयान पर कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी चुनौती स्वीकार करते हुए कहा है कि वह भी चुनाव लड़ेंगे और अखिलेश भी चुनाव लड़ें। प्रदेशाध्यक्ष ने दावा किया कि अखिलेश यादव घबराए हुए हैं और उत्तर प्रदेश में वह कहीं से भी चुनाव लड़ें, उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा।

चौधरी ने कांग्रेस और सपा के गठबंधन को मजबूरी का गठबंधन बताते हुए कहा कि यह स्वाभाविक गठबंधन नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि चुनाव आते-आते विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन बिखर जाएगा। चौधरी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि जनता उससे बार-बार दूरी क्यों बना रही है।

उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने आंतरिक मतभेदों और संगठन की स्थिति पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र