वाशिंगटन, 11 अक्टूबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि रूस और यूक्रेन ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के लिए सहमत हो गए हैं। हालांकि, उन्होंने इसकी शर्तों के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
दोनों में से किसी भी पक्ष ने तत्काल इस तरह के समझौते पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
ट्रंप की यह घोषणा तब सामने आई है, जब एक दिन पहले ही उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पर रूस में डीजल रिफाइनरी पर हमला करने और वैश्विक स्तर पर ईंधन की कमी के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया था।
युद्ध के दौरान रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को बार-बार निशाना बनाते रहे हैं।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अपनी संक्षिप्त पोस्ट में केवल इतना कहा कि हमले रोकने का समझौता तत्काल प्रभाव से लागू होगा और दोनों पक्ष इस पर सहमत हो गए हैं।
व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति की पोस्ट पर तत्काल कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया और न ही इस बारे में अतिरिक्त जानकारी साझा की।
एपी शफीक सुरेश
सुरेश