नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक पिता द्वारा करीब साढ़े चार साल और तीन साल की अपनी दो बेटियों के यौन शोषण के आरोपों वाली मीडिया की खबर पर रविवार को स्वत: संज्ञान लिया। आयोग ने इस घटना को ‘‘अत्यंत परेशान करने वाला’’ बताया।
आयोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उसकी अध्यक्ष विजया रहाटकर ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, व्यापक और समयबद्ध जांच कराने, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के संबंधित प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई करने तथा मामले की प्रभावी निगरानी करने को कहा है।
आयोग ने दोनों बच्चियों और उनकी मां को तत्काल चिकित्सा देखभाल, मनोवैज्ञानिक परामर्श और सुरक्षा मुहैया कराने को कहा है। उसने नाबालिग बच्चियों की पहचान और निजता की रक्षा के लिए कड़े सुरक्षा उपाय करने को भी कहा।
आयोग ने बताया कि उसने सात दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) मांगी है।
आयोग ने कहा, ‘‘बच्चियों की मां ने कथित तौर पर यौन शोषण होते देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। विरोध करने पर आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटियों को जान से मारने की धमकी दी। जानकारी के अनुसार उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।’’
पुलिस ने एक व्यक्ति को लातूर जिले में अपनी दो बेटियों के यौन शोषण के आरोप में 10 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।
यह घटना सात अक्टूबर को तड़के अहमदपुर स्थित उनके घर पर हुई थी।
बच्चियों की 27 वर्षीय मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 10 अक्टूबर को अहमदपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश