Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

कांग्रेस पंजाब में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी : सचिन पायलट

चंडीगढ़, 11 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने रविवार को विश्वास जताया कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

पायलट ने दावा किया कि पंजाब के लोगों का आम आदमी पार्टी (आप) सरकार से भरोसा उठ गया है और वे बदलाव चाहते हैं तथा कांग्रेस को सत्ता में लाना चाहते हैं।

पंजाब विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होना है।

प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह के साथ यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए पायलट ने कहा, ‘‘कांग्रेस पंजाब में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।’’

जालंधर कैंट से तीन बार के विधायक परगट सिंह ने रविवार को यहां पंजाब कांग्रेस भवन में आयोजित एक समारोह में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और चरणजीत सिंह चन्नी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

संवाददाताओं से बातचीत में पायलट ने कहा, ‘‘परगट सिंह ने अपना पदभार संभाल लिया है। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने साढ़े चार साल तक बहुत मेहनत की। अब परगट सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।’’

दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के हालिया प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर पायलट ने कहा, ‘‘मुझे आश्चर्य है कि हम मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। यदि हम मुख्य निर्वाचन आयुक्त से सवाल पूछते हैं, तो भाजपा के प्रवक्ता जवाब क्यों दे रहे हैं? भाजपा के प्रवक्ता उनका बचाव क्यों कर रहे हैं।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यह पूरी तरह साबित हो चुका है कि देश में ‘वोट चोरी’ हुई है। आज जनता सड़कों पर है और युवाओं में गुस्सा है। 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। जब चुनावों में धांधली की जाएगी, तो जनता की प्रतिक्रिया भी सामने आएगी।’’

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल