जयपुर, 11 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर और पाली जिलों में रविवार को अलग-अलग हादसों में दो बच्चियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जैसलमेर के मूलसागर निवासी प्रीतमराम भील पिछले दो वर्षों से लोहटा गांव के पास बरकत अली के नलकूप पर कृषि कार्य कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह बिजली का तार अचानक नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में उनकी आठ वर्षीय बेटी नूरी आ गई।
पुलिस ने बताया कि बच्ची की बहनों की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और लकड़ी की मदद से बिजली का तार हटाया।
पुलिस के मुताबिक, वे नूरी को लाठी के राजकीय चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एक अन्य घटना में पाली जिले के जोजावर गांव में छह वर्षीय रूजल की पानी के हौद में गिरने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, रूजल रविवार को अपने घर के बाहर चबूतरे पर बने पानी के हौद के पास भाई-बहनों के साथ खेल रही थी और इसी दौरान उसका पैर हौद के ढक्कन पर पड़ गया।
पुलिस ने बताया कि ढक्कन कमजोर होने के कारण टूट गया और बच्ची पानी में गिर गई।
पुलिस के मुताबिक, परिजन उसे तत्काल जोजावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र