लुधियाना, 11 अक्टूबर (भाषा) पंजाब के लुधियाना में 11 महीने की बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोप में 35 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले संजय कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार को देहलों थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई।
बच्ची की मां की शिकायत के अनुसार, वह बाहर गई हुई थी और जब अपनी झुग्गी में लौटी तो उसे अपनी बेटी के रोने की आवाज सुनाई दी। उसने बच्ची को घायल हालत में पाया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने बताया कि बच्ची की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल