Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

प्रपत्र-7 को लेकर प्राथमिकी दर्ज किया जाना जारी रहने पर भाजपा पुलिस थानों का घेराव करेगी: विजयेंद्र

बेंगलुरु, 11 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर राज्य सरकार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत प्रपत्र-7 जमा करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना जारी रखती है, तो पार्टी पुलिस थानों और जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालयों का घेराव करेगी।

राज्य के सह-प्रभारी कसम वेंकटेश की मौजूदगी में हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए विजयेंद्र ने कहा कि बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें एसआईआर प्रपत्र-7, राज्य सरकार द्वारा स्थायी निवास प्रमाण पत्र जारी किया जाना, उपचुनाव और आगामी जिला पंचायत व तालुक पंचायत चुनाव शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि समिति ने स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पार्टी को तैयार करने के मकसद से हर जिले में जिला प्रभारी नियुक्त करने और चुनाव प्रबंधन समितियां गठित करने का भी फैसला किया है।

विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार एसआईआर प्रपत्र-7 को लेकर भ्रम फैला रही है और उन भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर रही है, जिन्होंने निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार फॉर्म जमा किए थे।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक उच्च न्यायालय ने भी इस मुद्दे पर राज्य सरकार को फटकार लगाई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके बावजूद, अगर सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना जारी रखती है, तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी। कोर कमेटी ने संबंधित पुलिस थानों और जिला पुलिस अधीक्षकों के कार्यालयों का घेराव करने का फैसला किया है।’’

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश