मुंबई, 11 अक्टूबर (भाषा) कप्तान सिद्धेश लाड के नाबाद 80 रन और मुशीर खान की 65 रन की पारियों की बदौलत मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले के पहले दिन रविवार को यहां चंडीगढ़ के खिलाफ पांच विकेट पर 249 रन बना लिए।
लाड ने 176 गेंदों में आठ चौके लगाये जबकि मुशीर खान ने संयमित पारी खेलते हुए 149 गेंदों पर चार चौके जड़े।
चंडीगढ़ की ओर से दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज रोहित धांडा ने 44 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
मध्यक्रम के बल्लेबाज करण लांबा के नाबाद शतक और सलामी बल्लेबाज रोहन राजबार की संयमित पारियों की बदौलत राजस्थान ने ग्रुप के अन्य मैच में तमिलनाडु के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन चार विकेट पर 286 रन बना लिए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की ओर से लांबा ने 135 गेंदों पर एक छक्का और 11 चौकों की मदद से नाबाद 103 रन बनाए। राजबार ने 220 गेंदों पर 95 रन की पारी खेली, जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल था।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सुमित गोदारा ने 96 गेंदों पर 49 रन बनाए। उन्होंने राजबार के साथ दूसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी की। इसके बाद लांबा और राजबार ने तीसरे विकेट के लिए 135 रन जोड़कर राजस्थान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
तमिलनाडु की ओर से दाएं हाथ के तेज गेंदबाज सरवण कुमार ने 52 रन देकर तीन विकेट झटके।
हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने नयी गेंद से कहर बरपाते हुए रोहतक में खेले जा रहे मैच में हिमाचल प्रदेश की पारी को मुश्किल में डाल दिया।
हिमाचल प्रदेश की टीम 153 रन पर सात विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही है।
कंबोज ने 32 रन देकर चार विकेट चटकाकर हिमाचल प्रदेश के बल्लेबाजों को साझेदारी बनाने का मौका नहीं दिया।
हिमाचल प्रदेश की ओर से आकाश वशिष्ठ ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। उन्होंने 110 गेंदों का सामना करते हुए संघर्षपूर्ण पारी खेली।
तेज गेंदबाज देवेंद्र सिंह बोरा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत उत्तराखंड की टीम ने ग्रुप के अन्य मुकाबले में यहां के ब्रेबॉन स्टेडियम में रेलवे की पारी को 87.5 ओवर में 278 रन पर समेट दिया।
उत्तराखंड की ओर से दाएं हाथ के तेज गेंदबाज बोरा ने 49 रन देकर पांच विकेट चटकाए तो वहीं बाएं हाथ के स्पिनर मयंक मिश्रा ने 44 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
रेलवे की ओर से सलामी बल्लेबाज विवेक सिंह ने 220 गेंदों पर 112 रन बनाए।
उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहा।
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर