नरसिंहपुर, 11 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
यादव ने नरसिंहपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने पर एसआईआर प्रक्रिया को सही मानती है लेकिन हारने पर उसमें खामियां निकालने लगती है।
कांग्रेस एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।
यादव ने कहा, ‘‘कांग्रेस केरलम और हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने के समय एसआईआर की कवायद को सही मानती है। जहां वह चुनाव हारती है, वहां तरह-तरह के सवाल उठाती है।’’
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आत्मनिरीक्षण करने और अपना इतिहास देखने की सलाह भी दी।
यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त टीएन शेषन को भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा था।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल में पूर्व आईपीएस अधिकारी केपीएस गिल को कांग्रेस का झंडा पकड़ने के लिए मजबूर किया गया था।
गिल को 1990 के दशक में पंजाब में उग्रवाद पर काबू पाने में अहम भूमिका निभाने का श्रेय दिया जाता है।
यादव ने नेहरू-गांधी परिवार पर राजनीतिक नेतृत्व को अपने तक सीमित रखने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में भाजपा का प्रभाव बढ़ा है, जबकि कांग्रेस का जनाधार कमजोर हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वह देश को आगे बढ़ाने और भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इससे पहले, यादव ने नरसिंहपुर में 42.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए सांदीपनि उत्कृष्टता विद्यालय भवन का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों के लिए बस सेवा को हरी झंडी दिखाई।
उन्होंने 35.56 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के बैंक खातों में 213.41 करोड़ रुपये अंतरित किए तथा स्वामित्व योजना के लाभार्थियों को संपत्ति के स्वामित्व प्रमाणपत्र वितरित किए।
यादव ने कहा कि सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने दावा किया कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई बीच में छोड़ने वाले विद्यार्थियों की दर 14 प्रतिशत से घटकर शून्य हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कल्याणपुर में चार सड़कों और एक सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय का उद्घाटन भी किया।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 50 गांवों में 23.17 करोड़ रुपये की लागत से जलापूर्ति की जा रही है और इस दौरान करीब 95 करोड़ रुपये की 21 विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई।
यादव ने गोटेगांव-नरसिंहपुर-पिपरिया सड़क का 540 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन किये जाने की घोषणा की।
उन्होंने वन गलियारा, खीरी नाका से रेलवे स्टेशन तक प्रमुख सड़क, गीता भवन और नर्मदा नदी पर वर्मन घाट में रिवरफ्रंट विकसित करने की योजनाओं का भी उल्लेख किया।
यादव ने कहा कि नरसिंहपुर को जबलपुर महानगर क्षेत्र का भी लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में सरकार द्वारा संचालित 375 सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्कूटर, साइकिल और बस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है।
भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र