Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

ओडिशा के जाजपुर में आग लगने से बच्ची की मौत, तीन अन्य गंभीर रूप से झुलसे

जाजपुर, 11 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के जाजपुर जिले में रविवार को एक घर में रसोई गैस (एलपीजी) के पाइप से गैस रिसाव के कारण लगी आग में पांच साल की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता समेत परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना धर्मशाला थाना क्षेत्र के अराबल गांव में उस समय हुई, जब तिलोत्तमा मलिक (37) नाश्ता बना रही थीं।

पुलिस के अनुसार, पाइप से गैस का रिसाव होने के बाद एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई। तिलोत्तमा ने रिसाव को देखकर अपने पति अभिराम और पड़ोसियों को सचेत किया, लेकिन देखते ही देखते लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।

उसने बताया कि इस घटना में तिलोत्तमा, अभिराम और उनकी छोटी बेटी पापली गंभीर रूप से झुलस गए।

पुलिस ने बताया कि उनकी चीख-पुकार सुनकर अभिराम के बड़े भाई उत्तम और पड़ोसियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। इस दौरान उत्तम भी गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के समय अभिराम की नौ साल की बड़ी बेटी ममाली घर के बाहर खेल रही थी, जिससे वह सुरक्षित बच गई।

पड़ोसियों ने चारों घायलों को बचाकर धर्मशाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पापली को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि चोटों की गंभीरता को देखते हुए अभिराम और तिलोत्तमा को बाद में कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

उसने बताया कि उत्तम धर्मशाला में उपचाराधीन है और उनकी हालत स्थिर है।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप