Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

टाटा मोटर्स ने इवेको के अधिग्रहण के लिए पेशकश मूल्य बढ़ाकर 14.40 यूरो प्रति शेयर किया

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) टाटा मोटर्स लिमिटेड ने इटली की ट्रक विनिर्माता कंपनी इवेको ग्रुप एनवी के अधिग्रहण के लिए पेशकश मूल्य 0.30 यूरो बढ़ाकर 14.40 यूरो प्रति शेयर कर दिया है। कंपनी ने यह कदम नियामकीय मंजूरियों में देरी के मद्देनजर उठाया है।

टाटा मोटर्स ने 2025 में अपनी अनुषंगी कंपनी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स पीटीई लिमिटेड के माध्यम से इवेको के रक्षा कारोबार को छोड़कर उसके अन्य कारोबार के अधिग्रहण की योजना की घोषणा की थी। इस सौदे का मूल्य 3.8 अरब यूरो (करीब 38,240 करोड़ रुपये) आंका गया था।

वाणिज्यिक वाहन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ने इससे पहले इवेको के लिए 14.10 यूरो प्रति शेयर की पेशकश की थी। इस आधार पर सौदे का मूल्य 3.82 अरब यूरो था। टाटा मोटर्स ने सितंबर में इवेको के सभी बकाया साधारण शेयरों के अधिग्रहण के लिए नकद भुगतान वाली स्वैच्छिक निविदा पेशकश शुरू की थी।

इस पेशकश को स्वीकार करने की अवधि सात सितंबर से शुरू होकर 26 अक्टूबर, 2026 तक रहेगी। इवेको ग्रुप के शेयरधारकों को संबंधित प्रस्तावों पर मतदान के लिए 16 अक्टूबर को होने वाली असाधारण आम बैठक में हिस्सा लेना है। इवेको के निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से इस सौदे का समर्थन किया है।

टाटा मोटर्स ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि पहले की पेशकश कीमत इवेको के उचित और पूर्ण मूल्यांकन को दर्शाती थी। हालांकि, आवश्यक पूर्व मंजूरियों की प्रक्रिया में शुरुआती अनुमान से अधिक समय लगने के कारण कंपनी ने पेशकश मूल्य बढ़ाने का फैसला किया है।

कंपनी ने कहा कि संशोधित पेशकश मूल्य 17 जुलाई, 2025 को इवेको के शेयर भाव से 33.47 प्रतिशत अधिक है। भाषा यासिर पाण्डेय

पाण्डेय