Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

विरोध प्रदर्शनों को कुचलने के लिए तानाशाही पर आमादा है केंद्र सरकार: प्रकाश आंबेडकर

मुंबई, 10 अक्टूबर (भाषा) वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर निर्वाचन आयोग के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित प्रदर्शन का समर्थन करते हुए शनिवार को केंद्र सरकार पर शांतिपूर्ण आंदोलनों को दबाने के लिए ‘‘तानाशाही’’ का सहारा लेने का आरोप लगाया।

आंबेडकर ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रस्तावित प्रदर्शन के प्रति एकजुटता जताने के लिए दक्षिण मुंबई के हुतात्मा चौक पर लोगों से जुटने की अपील की।

उन्होंने आरोप लगाया कि रेलगाड़ियां रद्द करने और मेट्रो स्टेशन बंद करने सहित परिवहन सेवाओं पर लगाई गई पाबंदियों का उद्देश्य लोगों को आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचने से रोकना है।

डॉ. बी. आर. आंबेडकर के पोते एवं वीबीए नेता ने कहा, ‘‘राजनीतिक दलों को विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन जिस तरह इस आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है, वह तानाशाही के समान है।’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोगों की भागीदारी रोकने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं और गिरफ्तारियां की जा रही हैं।

आंबेडकर ने कहा, ‘‘सरकार को लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने देना चाहिए और उनकी बात सुननी चाहिए। आप इस देश के मालिक नहीं हैं। लोगों ने आपको पांच साल के लिए चुना है। शांति से शासन करें, लेकिन ऐसा रास्ता न अपनाएं जो तानाशाही की ओर ले जाए।’’

वीबीए प्रमुख ने कॉजपा के संयोजक अभिजीत दीपके से आग्रह किया कि गिरफ्तारी या कानूनी कार्रवाई की आशंका के बावजूद वे आंदोलन से पीछे न हटें।

कॉजपा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ‘फॉर्म-6’ में बदलावों को लेकर कथित अनियमितताओं के विरोध में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ इस प्रदर्शन का आह्वान किया है।

भाषा खारी जोहेब

जोहेब