Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

सहारनपुर में श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, चार लोगों की मौत

सहारनपुर (उप्र), 10 अक्टूबर (भाषा) सहारनपुर में शनिवार सुबह श्रद्धालुओं को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक कंटेनर ने टक्कर मार दी जिससे चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कम से कम 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार हादसा देवबंद थाना क्षेत्र में एक फ्लाईओवर के पिलर संख्या 13 के पास हुआ। सभी श्रद्धालु मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने के बाद नवरात्र के लिए ज्योति लेकर मेरठ के सरधना स्थित अपने गांव कुशावली लौट रहे थे।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रात भर यात्रा करने के बाद शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वे देवबंद पहुंचे और चाय-नाश्ता करने के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई जिनकी पहचान अमन राणा (25), सागर (22), पंकज (25) और रमेश (55) के रूप में हुई है।

पाठक ने बताया कि देवबंद थाना पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे की सूचना मिलते ही सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के समुचित उपचार तथा राहत कार्यों के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कंटेनर चालक और उसके सहायक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी