नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने शनिवार को दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस ने उसके नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को विमान के उतरते ही उसके अंदर से हिरासत में ले लिया।
कॉजपा के नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंबई से यहां पहुंचे थे।
कॉजपा द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में दीपके को विमान के अंदर आए पुलिस अधिकारियों से यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘हम यहां गिरफ्तारी देने के लिए आए हैं, आइए और हमें गिरफ्तार कीजिए।’’
हिरासत में लिए जाने से पहले पुलिसकर्मियों ने कॉजपा नेताओं से कहा कि उन्हें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है।
दीपके ने कहा कि कॉजपा नेताओं को ऐसे हिरासत में लिया जा रहा है, जैसे कि वे अपराधी हों।
पार्टी ने एक बयान जारी कर कथित रूप से हिरासत में लिए जाने की निंदा की। उसने दावा किया कि यह उसके नेताओं को प्रस्तावित प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पूर्व नियोजित कोशिश का हिस्सा है।
कॉजपा ने इस कार्रवाई को बेरोकटोक आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताते हुए तीनों नेताओं को तत्काल और बिना किसी शर्त के रिहा करने की मांग की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने और मतदाता पंजीकरण के दस्तावेज ‘फॉर्म 6’ में बदलाव के लिए दो सहयोगी निर्वाचन आयुक्तों की आपत्ति को दरकिनार करने के आरोप लग रहे हैं।
इसी मुद्दे को लेकर कॉजपा ने विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है।
भाषा
देवेंद्र खारी
खारी