Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

ओडिशा में मृदा संरक्षण विभाग के अधिकारी से जुड़ी संपत्तियों पर छापे

भुवनेश्वर, नौ अक्टूबर (भाषा) ओडिशा सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को सुंदरगढ़ जिले में मृदा संरक्षण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी से जुड़ी संपत्तियों की तलाशी के दौरान चार भवन, एक फ्लैट, सात कीमती भूखंड, सोने के आभूषण और करीब एक करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि का पता लगाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के संदेह में सुंदरगढ़ में मृदा संरक्षण विभाग के उप निदेशक-सह-जलागम (वाटरशेड) परियोजना निदेशक प्रसन्न कुमार पात्रा के कार्यालय और संपत्तियों पर तलाशी ली गई। एक सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सतर्कता विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की।

एक अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान भुवनेश्वर में चार भवन, एक फ्लैट, सात कीमती भूखंड, 211 ग्राम सोना, 1.29 लाख रुपये नकद, तीन दोपहिया वाहन और करीब एक करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि का पता चला।

उन्होंने कहा कि सात भूखंडों के पंजीकृत बिक्री विलेख का मूल्य करीब एक करोड़ रुपये है, जबकि उनका बाजार मूल्य इससे काफी अधिक होने की संभावना है। संपत्तियों की तलाशी और मूल्यांकन का काम जारी है।

पात्रा ने 1995 में कनिष्ठ मृदा संरक्षण अधिकारी के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी। उस समय उनका शुरुआती मासिक वेतन 7,000 रुपये था।

उन्हें 2017 में सहायक मृदा संरक्षण अधिकारी, 2019 में मृदा संरक्षण के सहायक निदेशक और 2024 में उप निदेशक के पद पर पदोन्नत किया गया था।

भाषा राखी दिलीप

दिलीप