नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में उपचुनावों के साथ-साथ राजस्थान और त्रिपुरा में हाल में संपन्न नगर निकाय चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत की सराहना करते हुए कहा कि ये नतीजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाते हैं।
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा कि राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के ‘‘झूठ, भ्रम और दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार’’ के बावजूद भाजपा मोदी के नेतृत्व में लगातार चुनाव जीत रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के उपचुनावों के साथ-साथ राजस्थान और त्रिपुरा में हाल में हुए नगर निकाय चुनावों में राजग की जीत दर्शाती है कि जनता ने ‘इंडिया’ गठबंधन को पूरी तरह नकार दिया है।’’
शाह ने कहा कि जनाधार खोने के बाद ये (विपक्षी) दल हर हार के बाद संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं, लेकिन जनता उनके इस चरित्र को पहचान चुकी है।
उन्होंने कहा, ‘‘यही वजह है कि लोगों ने एक बार फिर भाजपा पर अपना अटूट विश्वास जताते हुए उसे जबरदस्त जनादेश दिया है।’’
शाह ने पश्चिम बंगाल, असम, राजस्थान, त्रिपुरा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों तथा इन राज्यों के पार्टी पदाधिकारियों को बधाई भी दी।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश