गुरुग्राम, नौ अक्टूबर (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले गुरुग्राम के कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उन्हें घरों में नजरबंद किया जा रहा है।
कांग्रेस की गुरुग्राम (ग्रामीण) इकाई के अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि उन्हें घर में नजरबंद रखा गया है और उनके घर के बाहर पुलिस की दो पीसीआर वैन तैनात हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, गुरुग्राम ग्रामीण कमेटी के जिला सचिव हरेंद्र सहरावत के तावडू स्थित आवास पर भी पुलिस पहुंची। सचिन बसोया समेत अन्य नेताओं ने भी पुलिस के आने की जानकारी दी।
यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने से रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
कांग्रेस की गुरुग्राम (शहरी) इकाई के अध्यक्ष पंकज डावर ने भी आरोप लगाया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान से घबराकर सरकार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर रही है।
फरीदाबाद के कांग्रेस नेताओं ने भी ऐसी कार्रवाई की कोशिश का आरोप लगाया। इन आरोपों पर पुलिस की प्रतिक्रिया तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी।
विपक्षी दलों ने एसआईआर को लेकर कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। निर्वाचन आयोग ने हालांकि तीन सदस्यीय आयोग में मतभेद की खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि एसआईआर से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।
भाषा राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल