कोलकाता, नौ अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को संकेत दिया कि राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अगले साल छात्र संघ चुनाव कराए जा सकते हैं। इससे परिसर में चुनावों की बहाली की संभावना जताई जा रही है।
छात्रसंघ चुनावों पर तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में रोक लगा दी गई थी। अधिकारी यहां आरजी कर मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा आयोजित चिकित्सा छात्रों के अखिल भारतीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने छात्र राजनीति के जरिए अपनी राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि छात्र संघ चुनाव जरूरी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव होने चाहिए। हम सभी छात्र राजनीति की उपज हैं। कॉलेज में चुनावों के दौरान कक्षाओं के बीच भाषण देकर मैं इस मुकाम तक पहुंचा हूं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य में एबीवीपी के पर्यवेक्षक प्रभारी से इस मुद्दे पर चर्चा की थी। प्रभारी ने उनसे अगले साल चुनाव कराने का आग्रह किया था।
अधिकारी ने एबीवीपी प्रभारी के हवाले से कहा, ‘‘उन्होंने मुझसे कहा कि अगले साल चुनाव कराइए। हर कॉलेज और विश्वविद्यालय में एबीवीपी के प्रत्येक कार्यकर्ता और राष्ट्रवादी लोगों की आवाज ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाते हुए सुनाई देगी।’’
हालांकि, मुख्यमंत्री ने चुनावों के संभावित समय का संकेत दिया, लेकिन उन्होंने न तो कोई आधिकारिक कार्यक्रम घोषित किया और न ही चुनाव कराने की प्रक्रिया के बारे में कोई जानकारी दी।
भाषा संतोष माधव
माधव