चंडीगढ़, नौ अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए उसके कई नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है।
पार्टी ने कहा कि इसके बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार को दिल्ली पहुंचकर प्रदर्शन को समर्थन देंगे।
पार्टी ने दावा किया कि जिन लोगों को नजरबंद किया गया है, उनमें पार्टी के जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल हैं।
दिल्ली में विपक्षी सांसद पिछले तीन दिनों से कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि पार्टी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मतदान अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।
उन्होंने प्रदर्शनकारी नेताओं के साथ पुलिस के कथित दुर्व्यवहार पर चिंता जताई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण धरना देना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया है तथा कुछ नेताओं को हिरासत में लिया गया है।
सिंह ने कहा कि 10 अक्टूबर को सभी जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश