मुंबई, नौ अक्टूबर (भाषा) रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 17 पैसे मजबूत होकर 96.71 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। एशियाई मुद्राओं में व्यापक मजबूती के रुख के साथ अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में मामूली नरमी से रुपये को मजबूती मिली।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से बाजार में दबाव कम हुआ कि अमेरिका नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा। इसके बाद अमेरिकी डॉलर कमजोर हुआ और कच्चे तेल की कीमतों में भी नरमी आई।
इसके अलावा, केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप से भी रुपये को समर्थन मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.74 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.51 के उच्चस्तर और 96.77 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक गया। अंत में रुपया 96.71 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 17 पैसे अधिक है।
रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 13 पैसे टूटकर 96.88 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ''भारतीय रुपये में तीन दिन की गिरावट के बाद तेजी आई और यह एशिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के अनुरूप मजबूत हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक बाजारों में निवेशकों की जोखिम लेने की बढ़ती इच्छा से अमेरिकी डॉलर कमजोर हुआ।''
परमार ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के इस बयान के बाद बाजार में सकारात्मक धारणा बनी कि अमेरिका नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा। केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप से भी रुपये को महत्वपूर्ण समर्थन मिला।
उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में डॉलर के मुकाबले रुपये का रुख सकारात्मक रहने की उम्मीद है। डॉलर के मुकाबले रुपये के 97 से 95.30 के बीच रहने की संभावना है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत टूटकर 102.09 पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.28 प्रतिशत गिरकर 102.95 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 879.09 अंक उछलकर 72,472.33 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 288.65 अंक की बढ़त के साथ 22,520.45 अंक पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 3,568.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण