Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

राजस्थान में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही: कृषि मंत्री मीणा

जयपुर, नौ अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शुक्रवार को कहा कि उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है और रबी मौसम में भी किसानों को मांग के अनुरूप उर्वरक मिलेंगे।

उन्होंने एक बयान में कहा कि राज्य सरकार ने खरीफ सत्र-2026 में डीएपी एवं यूरिया की मांग से अधिक आपूर्ति कर किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराए हैं। रबी सत्र में भी किसानों की मांग के अनुरूप उर्वरकों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है केंद्र सरकार से भी उर्वरकों की निरंतर आपूर्ति जारी है।

कृषि मंत्री ने बताया कि खरीफ सीजन-2026 में डीएपी की पांच लाख 10 हजार टन मांग के विरुद्ध पांच लाख 44,995 टन डीएपी उपलब्ध कराया गया। इसी प्रकार यूरिया की 11 लाख टन मांग के मुकाबले 17 लाख 15,814 टन यूरिया उपलब्ध कराया गया। इससे स्पष्ट है कि खरीफ सत्र में दोनों प्रमुख उर्वरकों की मांग के अनुरूप पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई।

डॉ. मीणा ने बताया कि रबी सत्र में बुवाई अभी प्रारंभिक अवस्था में है। इस समय राज्य में एक लाख 5,584 टन डीएपी तथा तीन लाख 63,969 टन यूरिया का भंडार उपलब्ध है। इसके अलावा डीएपी के 14 रैक जिनमें लगभग 35 हजार टन उर्वरक है, परिवहन में हैं। इनके 14 अक्टूबर तक किसानों के लिए उपलब्ध होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान साप्ताहिक खपत के आधार पर राज्य में लगभग 18 दिन के लिए डीएपी तथा 35 दिन के लिए यूरिया का स्टॉक उपलब्ध है। केंद्र सरकार से लगातार आपूर्ति होने के कारण रबी सत्र में भी उर्वरकों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

बयान में कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र रमण

रमण