Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

नड्डा ने हिमाचल में राजमार्ग और किशाऊ परियोजना की समीक्षा

शिमला, नौ अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में 55,103 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और 15,624 करोड़ रुपये की किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना सहित प्रमुख अवसंरचना एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा की।

किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित किए जाने के बाद इसे नयी गति मिली है।

समीक्षा में राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण सड़कें, रेल संपर्क, स्वास्थ्य अवसंरचना, जलविद्युत, जल संसाधन और औद्योगिक विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल थीं। इस दौरान परियोजनाओं के काम में तेजी लाने, लंबित मुद्दों को सुलझाने और स्वीकृत धनराशि का लाभ लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

नड्डा ने बिलासपुर में संवाददाताओं से कहा कि सड़क, रेल, स्वास्थ्य और औद्योगिक परियोजनाओं का काम तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया है। उन्होंने केंद्र से मिली धनराशि का समय पर इस्तेमाल करने और जवाबदेही बढ़ाने की बात भी कही।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को स्वीकृत धनराशि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए, प्रशासनिक फैसले समय पर लेने चाहिए और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को पूरा किए जाने में हो रही देरी को रोकने के लिए नियमित निगरानी करनी चाहिए।

सिरमौर जिले में 15,624 करोड़ रुपये की किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना समीक्षा का प्रमुख केंद्र रही। सितंबर, 2026 में इसे राष्ट्रीय परियोजना घोषित किए जाने के बाद इस पर विशेष ध्यान दिया गया।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के बीच 15 सितंबर को हुए समझौते से लंबे समय से लंबित इस परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा में टोंस नदी पर प्रस्तावित इस परियोजना से जल भंडारण, सिंचाई और जलविद्युत उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय परियोजना के तहत केंद्र सरकार करीब 90 प्रतिशत खर्च वहन करेगी, जबकि शेष 10 प्रतिशत राशि संबंधित राज्य मिलकर देंगे।

परियोजना पूरी होने पर करीब 97,000 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने और 147.6 करोड़ यूनिट स्वच्छ जलविद्युत का उत्पादन होने का अनुमान है।

नड्डा ने कहा कि बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास पर प्रमुखता से चर्चा हुई। हिमाचल प्रदेश में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की परियोजनाओं में कुल 55,103 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है।

भाषा यासिर रमण

रमण