Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

नाना पाटेकर ने मेरी जिंदगी जहन्नुम बना दी थी : तनुश्री दत्ता

मुंबई, नौ अक्टूबर (भाषा) अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने शुक्रवार को बताया कि मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर पर 2018 में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद से उनकी जिंदगी नर्क जैसी हो गई थी और पाटेकर के निधन के बाद से उन्हें सोशल मीडिया पर नकारात्मक टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है।

पाटेकर का बृहस्पतिवार को गोवा में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। दत्ता ने आरोप लगाया था कि 2008 की फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज़’ के एक आइटम गीत की शूटिंग के दौरान पाटेकर ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था।

अक्टूबर 2018 में दत्ता ने अपने आरोप दोहराए थे, जिसके बाद भारत में ‘मीटू’ आंदोलन को गति मिली थी।

दत्ता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उन पर जानलेवा हमले हुए और गुंडे हर जगह उनका पीछा करते थे।

दत्ता ने कहा, 'लोग नहीं जानते कि ‘मीटू’ आंदोलन के बाद से मैं किस स्थिति से गुज़री हूँ। वह लड़की जो सप्ताह में पाँच दिन वर्कआउट करती थी, जो बिना किसी डर के पूरी दुनिया में घूमती थी, मुझे यात्रा करने में कभी भी किसी तरह की सुरक्षा संबंधी समस्या या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा था।''

उन्होंने कहा, ‘‘मीटू’ के बाद मेरे साथ ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिन्हें मैं यहां इंस्टाग्राम पर बता भी नहीं सकती। आपका सिर शर्म से झुक जाएगा। लोगों को नहीं पता कि मेरे साथ क्या-क्या हुआ है। वर्ष 2024 में किसी ने मेरी कार के ब्रेक के तार काट दिए थे। ‘मीटू’ आंदोलन के बाद गुंडे हर जगह मेरा पीछा करते थे।’’

बृहस्पतिवार को पाटेकर के निधन के बाद दत्ता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें अभिनेता के निधन की खबर मिली है, लेकिन वह ‘‘यह तय करने के बाद प्रतिक्रिया देंगी कि उन्हें किस तरह की प्रतिक्रिया देनी चाहिए।’’

अपने नए वीडियो में दत्ता ने उन्हें नकारात्मक संदेश भेजने वालों की आलोचना की और कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु से उसके अपराध खत्म नहीं हो जाते।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कल्पना भी नहीं कर सकती कि लोग इतने मूर्ख और नासमझ हो सकते हैं। दुनिया के दूसरे लोगों के साथ किसी व्यक्ति का अनुभव अलग हो सकता है, लेकिन उस व्यक्ति के साथ मेरा अनुभव क्या रहा, यह मैं जानती हूं। मैं गड़े मुर्दे उखाड़ना नहीं चाहती, इसलिए मैंने अपनी प्रतिक्रिया तुरंत साझा नहीं की, ताकि कुछ दिन बाद इस बारे में बोल सकूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन किसी की मृत्यु हो जाने का मतलब यह नहीं है कि उसने जिंदगी में जो भी अपराध किए, वे सब मिट जाएंगे। उसने जिन लोगों को परेशान किया और जिनका उत्पीड़न किया, क्या उन सब मामलों को भी बंद मान लिया जाएगा?’’

दत्ता ने कहा कि कुछ लोग उनसे पाटेकर को ‘‘माफ करने’’ के लिए कह रहे हैं, लेकिन अभिनेता ने उनसे कभी माफी नहीं मांगी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘यहाँ तक कि भगवान भी बिना किसी के माफ़ी मांगे माफ नहीं करते हैं। इसलिए, पहले आपको माफी मांगनी होगी, आपको अपने पाप को स्वीकार करना होगा कि मैंने यह पाप किया है, मैंने किसी का जीवन बर्बाद किया है, मैंने किसी के साथ समूह में मिलकर बहुत बुरा किया है और इस व्यक्ति के जीवन को दयनीय बना दिया है।'

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए जब मैं कहती हूँ कि बुराई मर चुकी है, तो मेरा यही मतलब होता है, क्योंकि मेरे लिए, वह मेरी वास्तविकता (सच्चाई) थी... इस आदमी ने मुझे मरने के बाद भी परेशान किया।’’

अपने 'व्यूज और लाइक्स बढ़ाने' के लिए उन पर टिप्पणियां कर रहे 'बेकार के यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया के लोगों' को संबोधित करते हुए, दत्ता ने उनसे खुद को उनकी जगह पर रखकर देखने के लिए कहा।

उन्होंने कहा, ‘‘आप लोग चार दिन भी जिंदा नहीं रह पाएंगे। 2018 के बाद से मेरे लिए हालात इतने बुरे थे। मुझपर हमले हुए। मैंने साक्षात्कारों में जो कुछ झेला है, उसका सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा ही बयां किया है।'

दत्ता ने कहा, ‘‘2018 से, खासकर 2020 के बाद, मेरी जिंदगी का हर दिन संघर्ष और पीड़ा में बीता है। इस व्यक्ति की वजह से मुझे हर दिन परेशानियां झेलनी पड़ीं। उन्होंने केवल मुझे परेशान नहीं किया, बल्कि उनके साथ एक बड़ा समूह था। नाना पाटेकर... आज शैतान मर गया। वह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा राक्षस था। उसने मेरी जिंदगी नर्क बना दी।’’

वर्ष 2018 में दत्ता के आरोपों के बाद पाटेकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अभिनेता ने आरोपों से इनकार किया था। बाद में पर्याप्त सबूत नहीं मिलने के कारण मामला बंद कर दिया गया था।

भाषा जितेंद्र राखी दिलीप

दिलीप