Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

उप्र: राहुल गांधी मानहानि मामले में बहस पूरी, 12 अक्टूबर को तय होगी फैसले की तारीख

सुलतानपुर, नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की एक विशेष अदालत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली से सांसद राहुल गांधी के खिलाफ जारी मानहानि के मामले में 12 अक्टूबर को फैसले की तारीख तय कर सकती है। एक अधिवक्ता ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सांसद-विधायक (एमपी/एमएलए) अदालत में शुक्रवार को दोनों पक्षों की बहस पूरी हो गई।

वादी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विजय मिश्रा के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि बचाव पक्ष की लिखित दलीलें पेश किए जाने के बाद उन्होंने शुक्रवार को अपनी अंतिम जवाबी दलीलें दीं।

पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से दाखिल लिखित बहस में घटना और भाषण को स्वीकार किया गया है।

उन्होंने बताया कि बचाव पक्ष ने दलील दी कि बयान सद्भावना में दिया गया था और टिप्पणी किसी को बदनाम करने के इरादे से नहीं की गई थी।

वादी पक्ष के अधिवक्ता ने अदालत में कहा कि घटना स्वीकार किए जाने के बाद अब सबूत पेश करने का भार अभियुक्त पक्ष पर है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बयान दूषित मानसिकता के साथ दिया गया था और अदालत से राहुल गांधी को दोषी ठहराने की मांग की गयी।

पांडेय के मुताबिक, मामले में बहस पूरी हो चुकी है और अब 12 अक्टूबर को फैसले की तारीख तय किए जाने की संभावना है।

राहुल गांधी पर वर्ष 2018 में कर्नाटक के बेंगलुरु में चुनाव के दौरान भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र