Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

टीसीएस की अगुवाई में आईटी कंपनियों के शेयर में तेजी

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के सितंबर तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजों के बाद शुक्रवार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयर में जोरदार तेजी आई। टीसीएस का शेयर 4.23 प्रतिशत चढ़ा, जबकि बीएसई का आईटी सूचकांक 2.91 प्रतिशत बढ़कर 27,406.62 अंक पर पहुंच गया।

बीएसई में टीसीएस का शेयर 4.23 प्रतिशत चढ़कर 2,163 रुपये पर बंद हुआ। हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज का शेयर 5.69 प्रतिशत, एलटीएम का 4.01 प्रतिशत, इन्फोसिस का 3.01 प्रतिशत, एचसीएल टेक का 2.84 प्रतिशत, विप्रो का 2.59 प्रतिशत और टेक महिंद्रा का 1.43 प्रतिशत चढ़ा।

इन कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में कुल 65,648.78 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई। बीएसई का आईटी सूचकांक 2.91 प्रतिशत बढ़कर 27,406.62 अंक पर बंद हुआ।

टीसीएस ने शुक्रवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 15 प्रतिशत बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने आगे भी वृद्धि की रफ्तार बने रहने की उम्मीद जताई।

एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हरीसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा कि टीसीएस के बेहतर नतीजों और आईटी, बैंकिंग तथा वित्तीय शेयरों में लिवाली से बाजार को समर्थन मिला।

उन्होंने कहा कि निवेशकों को इस बात से राहत मिली कि अमेरिकी कार्रवाई रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड प्रक्रिया से जुड़ी है, न कि मौजूदा एच-1बी रोजगार से।

राधाकृष्णन ने कहा कि टीसीएस के मुनाफे में वृद्धि, कृत्रिम मेधा (एआई) से संबंधित राजस्व और नए कारोबारी सौदों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि निलंबन लंबे समय तक जारी रहने पर भारतीय आईटी कंपनियों की स्थानीय नियुक्तियों और कर्मचारियों को बनाए रखने की लागत बढ़ सकती है।

बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 879.09 अंक चढ़कर 72,472.33 और एनएसई निफ्टी 288.65 अंक बढ़कर 22,520.45 अंक पर बंद हुआ।

भाषा योगेश रमण

रमण